Headlines

श्रीराम कथा आयोजन समिति, सीवान के “पंच पल्लव”

श्रीराम कथा आयोजन समिति, सीवान के “पंच पल्लव”

प्रभु श्रीराम की अहैतुक कृपा से अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक राजन जी महाराज द्वारा श्रीराम कथा को सफल बनाने के लिए अनवरत अथक प्रयासों की दासता

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सीवान नगर के 1901 में स्थापित प्रतिष्ठित वीएमएचई इंटर कॉलेज के प्रांगण में अंतराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमय, लालित्यपूर्ण, रसमयी श्रीराम कथा का वाचन 8 मार्च से चल रहा है, जो 16 मार्च तक चलेगा। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु रामरस की बहती सरिता में गोते लगाकर पुण्यलाभ अर्जित कर रहे हैं। इस बड़े आयोजन को सफल करने के लिए श्रीराम कथा आयोजन समिति के सभी सदस्य निरंतर प्रयास कर रहे हैं। निश्चितौर पर समाज, प्रशासन का सहयोग भी मिल रहा है।

सीवान में श्रीराम कथा आयोजन को तमाम चुनौतियों के बावजूद सफल बनाने के लिए श्रीराम कथा आयोजन समिति, सीवान के “पंच पल्लव” की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ये पंच पल्लव प्रभु श्रीराम के विशेष अनुरागी भी है और राजन जी महाराज के विशेष अनुरागी भी।

श्री राम कथा समिति के अध्यक्ष डॉक्टर राजन कल्याण सिंह, स्वागताध्यक्ष डॉक्टर शरद चौधरी, संयोजक डॉक्टर रूपेश कुमार, सर्व व्यवस्था प्रमुख जादूगर विजय, कोषाध्यक्ष प्रेमशंकर सिंह ही श्रीराम कथा के वे “पंच पल्लव” हैं, जिनके प्रयास प्रभु श्रीराम के चरणों में समर्पित हो रहे हैं।

सीवान में हो रही श्रीराम कथा के माध्यम से जहां राजन जी महाराज पर्यावरण बोध, कर्तव्य बोध, करुणा बोध, मातृशक्ति सम्मान, कुटुंब परंपरा, स्वबोध को जागृत कर रहे हैं। वहीं उपस्थित श्रद्धालुगण राम रस में भीगकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इस आयोजन की सफलता के लिए निरंतर विशेष प्रयास कर रहे हैं।

हर आयाम पर तीक्ष्ण नजर डॉक्टर राजन कल्याण सिंह की

श्रीराम कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉक्टर राजन कल्याण सिंह, वैसे तो पेशे से एक कुशल चिकित्सक हैं। लेकिन सामाजिक, सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति उनका अनुराग अदभुत रहा है। स्वयं राजन जी ने कथा वाचन के दौरान कहा कि कथा के आयोजन के पूर्व जब डॉक्टर साहब ने आयोजन की रचना के संदर्भ में पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया था, तो उन्हें बेहद सुखद अनुभूति हुई थीं। कथा आयोजन के एक एक आयाम पर उनकी तीक्ष्ण नजर रहती है। कहीं कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए वे सदैव तत्पर रहते हैं। लेकिन इस अटूट श्रद्धा के साथ सब कुछ भगवान श्रीराम की कृपा से ही होना है।

हर सहभागी के स्वागत को आतुर डॉक्टर शरद चौधरी

श्रीराम कथा आयोजन समिति, सीवान के स्वागताध्यक्ष डॉक्टर शरद चौधरी भी पेशे से नेत्र सर्जन है लेकिन उनका भी आध्यात्मिक अनुराग अदभुत है। श्रीराम कथा के दौरान आनेवाले श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वागत के लिए उनके प्रयास निरंतर चलते रह रहे हैं। किसी भी व्यवस्था के संदर्भ में उनकी संजीदगी ही उनकी खासियत है। हर चुनौती का मुस्कराकर सामना करने में वे सिद्धहस्त दिखाई देते हैं।

सदैव संकटमोचक की भूमिका में डॉक्टर रूपेश कुमार

श्रीराम कथा आयोजन समिति के संयोजक डॉक्टर रूपेश कुमार पेशे से नवाचारी उद्यमी हैं। लेकिन आयोजन समिति को हमेशा वे संकट मोचक के तौर पर ही दिखाई देते हैं। हर व्यवस्था में उनकी सलाह और सक्रियता एक टॉनिक का काम करती है। राजन जी महाराज के प्रति उनकी अगाध आस्था है।

हर व्यवस्था का सुनियोजित प्रबंधन कर रहे जादूगर विजय

श्रीराम कथा आयोजन समिति, सीवान के सर्व व्यवस्था प्रमुख जादूगर विजय वैसे पेशे से तो उद्यमी हैं लेकिन आयोजन व्यवस्था के शानदार कुशल प्रबंधक हैं। हर व्यवस्था का सुव्यवस्थित नियोजन और सुविचारित प्रबंधन उनकी खासियत है।

कोष के सुव्यवस्थित प्रबंधन के प्रभारी प्रेमशंकर सिंह

श्री राम कथा आयोजन समिति, सिवान के कोषाध्यक्ष प्रेमशंकर सिंह वैसे तो पेशे से कुशल बैंकर और बैंक के सेवानिवृत अधिकारी रहे हैं लेकिन कोष के प्रबंधन में उन्हें महारत हासिल है। कोई धन कहां से आ रहा है उस धन को कहां व्यय होना है उस पर उनकी खास नजर रहती है।

खास बात यह भी है कि श्रीराम कथा आयोजन समिति, सिवान के ये “पंच पल्लव” जब भी आपसे बात करेंगे तो उनके मुख से बस ये ही निकलेगा कि बरस रही प्रभु की कृपा अपार। श्रीराम कथा तो प्रभु श्रीराम की असीम कृपा से ही संभव हो पाती है लेकिन प्रभु अपने काम के लिए विशेष कृपा कर कुछ लोगों को माध्यम बनाते हैं। श्रीराम कथा आयोजन समिति के सभी सदस्य बस प्रभु श्रीराम के चरणों में अपने प्रयासों की आहुति देते दिख रहे हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!