बिहार में पुलिस खोज रही थी शराब: मिलने लगी हथियार, 4 तस्कर गिरफ्तार
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

बिहार की राजधानी पटना में शराब और अवैध हथियार के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। दीघा थाना पुलिस ने लक्ष्मीनिया गली के एक खटाल में छापेमारी के दौरान शराब के साथ ही दो अवैध राइफलें बरामद कीं और चार तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अंकुश उर्फ रौशन, गुड्डू, श्रवण और मनोज कुमार शामिल हैं। सभी मूल रूप से नटका दियारा के रहने वाले हैं और वर्तमान में दीघा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया गली में रहते थेl
दीघा थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पकड़े गए सभी लोग खटाल की आड़ में अवैध शराब का कारोबार चला रहे थे। पुलिस को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम बनाकर कार्रवाई की गई। मुख्य सरगना अंकुश उर्फ रौशन के नेतृत्व में यह गिरोह शराब बिक्री में बाधा डालने वाले लोगों को डराने-धमकाने और आपराधिक घटनाएं अंजाम देने के लिए हथियार का इस्तेमाल करता था।
इसी उद्देश्य से खटाल में बोरे में छिपाकर दो राइफलें रखी गई थीं। पुलिस ने बताया कि छापे के दौरान 19 बोतल अंग्रेजी शराब और एक लीटर देसी शराब के साथ दो राइफलें बरामद हुई हैं। बरामद शराब और हथियार को जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार तस्करों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि इलाके में शराब और हथियार का खेल चल रहा था। कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि नियमित कार्रवाई न होने के कारण अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से जारी था। बिहार में शराबबंदी कानून 2016 से लागू है। राज्य की सीमा में शराब का उत्पादन, भंडारण, लाना-ले जाना, बेचना या पीना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद तस्कर हथियार के बल पर शराब का धंधा चलाते हैं। राज्य में अब तक लाखों लीटर शराब जब्त की जा चुकी है, लाखों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं, और बड़ी संख्या में लोगों को जेल भेजा गया है। साथ ही हजारों गाड़ियों को जब्त कर नीलाम किया गया है।
यह भी पढ़े
सुपौल : डीएम के औचक निरीक्षण में खुली सरकारी दफ्तरों की पोल
‘पितरौ ध्यान लोकस’ मंदिर के निर्माण स्थल पर होली के दिन पूजा अर्चना
सिधवलिया की खबरें : युवक को उसके ही गांव के कुछ युवकों ने चाक़ू मारकर घायल किया
वरिष्ठ पत्रकार स्व. वीरेन्द्र कुमार यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
