सीवान के धनौती में प्रतिभाओं का किया गया उत्साहवर्धन
कबीर मुनीश्वर उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में भव्य मेधा सम्मान समारोह का किया गया आयोजन
श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सीवान सदर प्रखंड के धनौती स्थित कबीर मुनीश्वर उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के प्रांगण में गुरुवार को एक भव्य मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री अवध बिहारी चौधरी रहे। जबकि जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री बालेंदु नारायण पांडेय, शिक्षाविद् गणेश दत्त पाठक, मुखिया संघ के अध्यक्ष श्री अजय भास्कर चौहान बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय मुखिया तिलकी देवी और उनके प्रतिनिधि इंजीनियर विनय चौहान के नेतृत्व में किया गया था। इस अवसर पर मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले स्थानीय छात्रों में दो टॉपर को लैप टॉप और अन्य प्रतिभाओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र तथा अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कबीर मुनीश्वर उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में मेधा सम्मान समारोह की शुरुआत आगत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह और डॉक्टर भीम राव आंबेडकर जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया गया। विद्यालय की बालिकाओं ने मनोहारी स्वागत गीत को प्रस्तुत किया।

दो छोटे बच्चों ने भारतीय संविधान के प्रस्तावना का पाठ किया। इसके बाद आगत अतिथियों ने स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया और मार्गदर्शन प्रदान किया। स्थानीय मुखिया तिलकी देवी और उनके प्रतिनिधि इंजीनियर विनय चौहान ने आगत अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र और पौधे से किया।
मेधा सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री अवध बिहारी चौधरी ने कहा कि छात्र परिश्रम करते हैं और सफलता अर्जित करते हैं तो हमें खुशी होती है। इनकी उपलब्धियां हमें गौरांवित करती हैं। जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री बालेंदु नारायण पांडेय ने कहा कि प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन से समाज में सकारात्मकता का संचार होता है क्योंकि आज के कड़ी प्रतिस्पर्धा के दौर में प्रेरणा और प्रोत्साहन की आवश्यकता ज्यादा है।
शिक्षाविद् गणेश दत्त पाठक ने कहा कि मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं महज एक पड़ाव हैं। मंजिल अभी दूर है। सभी छात्र अपने कैरियर चयन में अपने रुचि का खास ख्याल रखें। नई तकनीकों को सीखने के प्रति सदैव सजग रहे। साथ ही मोबाइल, नशा और गलत संगत से बचने का सदैव प्रयास करें। आज की आवश्यकता अपने स्किल पर ज्यादा फोकस करने की है।
स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतिभाओं के अभिभावक और शिक्षक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। मंच संचालन प्रोफेसर देवेंद्र यादव ने किया।
