Headlines

नाथू ला और लिपुलेख मार्ग से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर की यात्रा

नाथू ला और लिपुलेख मार्ग से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर की यात्रा

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

सिक्किम से जुड़ने वाली भारत-चीन सीमा क्षेत्र में एक बार फिर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजने वाले हैं। लगातार दूसरी बार कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए केंद्र सरकार ने मंजूरी दी है। यात्रा 2026 में जून से अगस्त के बीच आयोजित की जाएगी। इस बार यात्रा सिक्किम के नाथु ला पास और उत्तराखंड के लिपुलेख पास मार्ग से संचालित होगी।

ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू

भारत के विदेश मंत्रालय ने यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस वर्ष पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है, जिसमें आवेदकों को केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। किसी भी प्रकार के कागजी दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी और सभी सूचनाएं आनलाइन ही उपलब्ध कराई जाएंगी।

मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के लिए कुल 20 दल (बैच) बनाए जाएंगे। इनमें से 10 दलों में 50-50 यात्री शामिल होंगे, जबकि शेष दल दूसरे मार्ग से यात्रा करेंगे। यह पूरी प्रक्रिया चीन सरकार के समन्वय से संपन्न होगी।

नाथू ला मार्ग से यात्रा करने पर 21 दिन का लगता है समय

सिक्किम के नाथू ला मार्ग से यात्रा करने में कुल 21 दिन का समय लगता है, जिसमें लगभग 11 दिन तिब्बतीय स्वयत्त क्षेत्र में बिताए जाते हैं। नाथू ला से आगे की यात्रा चीनी प्रशासन के अधीन होती है। यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 15वें और 17वें माइल पर ठहरने की व्यवस्था की जाती है। यह व्यवस्था यात्रियों को स्वास संबंधित समस्या ना हो इसी कारण किया जाता है।

19 मई तक कर सकते हैं आवेदन

यात्रियों का चयन पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कंप्यूटर आधारित रैंडम प्रक्रिया द्वारा किया जाएगा, जिसमें लैंगिक संतुलन का भी ध्यान रखा जाएगा। आवेदक एक या दोनों मार्गों के लिए आवेदन कर सकते हैं और अपनी प्राथमिकता भी निर्धारित कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 19 मई तय की गई है।

भगवान शिव का निवास स्थान

धार्मिक दृष्टि से इस यात्रा का विशेष महत्व है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार कैलाश पर्वत भगवान शिव का निवास स्थान माना जाता है, जबकि जैन और बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए भी यह अत्यंत पवित्र स्थल है। यात्रा प्रबंधन के तहत श्रद्धालुओं को पहले सिलीगुड़ी से गंगटोक लाया जाएगा, जहां उन्हें एक दिन ठहराया जाएगा ताकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से पहले उनका शरीर अनुकूलित हो सके और किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या न हो।

इसके बाद उन्हें बसों के माध्यम से नाथू ला तक पहुंचाया जाएगा। व्यवसायियों का मानना है कि इस यात्रा के पुनः शुरू होने से न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि सिक्किम के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से कुमाऊं के रास्ते प्रसिद्ध कैलास मानसरोवर यात्रा का शेड्यूल जारी हो चुका है। विदेश मंत्रालय की ओर से यात्रा के पंजीकरण के लिए वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गए हैं।

अब कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से यात्रा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यात्रा अवधि इस बार भी 22 दिवसीय होगी। टनकपुर के रास्ते दूसरी बार श्रद्धालु शिव के धाम जाएंगे। यात्रा में जाने वाले श्रद्धालुओं को इस बार पिछली बार से अधिक जेब ढीली करनी होगी। दिल्ली में मेडिकल टेस्ट में फिट होने के बाद ही भक्तों को यात्रा में आगे बढ़ने की अनुमति होगी।

विदेश मंत्रालय की दिल्ली में आयोजित बैठक में यात्रा में कुमाऊं में पिथौरागढ़ जिले के लिपुलेख व सिक्किम में नाथुला दर्रे से 500-500 यात्रियों का जाना तय होने के बाद अब यात्रा कार्यक्रम को लेकर तस्वीर साफ हो गई है।

यात्रा में कुमाऊं के रास्ते दस दलों से पांच सौ यात्री जाएंगे। अब कैलास मानसरोवर यात्रा को लेकर किराया सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। इस बार यात्रा पिछली बार की अपेक्षा महंगी होगी। पिछले साल प्रति यात्री खर्च एक लाख 84 हजार था जबकि इस बार केएमवीएन की ओर से दो लाख 9 हजार प्रस्तावित की गई है। इसमें यात्री पंजीकरण के पांच हजार व केएमवीएन को 60 हजार देय हैं।

22 दिवसीय होगी शिव के धाम की यात्रा

नैनीताल: केएमवीएन के जीएम विजय नाथ शुक्ल के अनुसार यात्रा अवधि 22 दिवसीय होगी। पहला 30 जून को यात्रियों के दिल्ली आने के साथ यात्रा का श्रीगणेश होगा जबकि 4 जुलाई को पहला दल टनकपुर आएगा।

पहला दल 30 जून से 21 जुलाई, दूसरा 4 जुलाई से 25 जुलाई, तीसरा 8 जुलाई से 29 जुलाई, चौथा 4 जुलाई से दो अगस्त, पांचवां दल 16 जुलाई से 6 अगस्त तक, छठा दल 20 जुलाई से 10 अगस्त, सातवां 24 जुलाई से 18 अगस्त, आठवां 28 जुलाई 18 अगस्त, नौवां पहली अगस्त से 22 अगस्त व दसवां 5 अगस्त से 26 अगस्त तक यात्रा पूरी करेगा।

Leave a Reply

error: Content is protected !!