जिला पदाधिकारी, सिवान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय NCORD समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में संपन्न हुई
श्रीनारद मीडिया, सीवान (बिहार):

नशीले पदार्थों की तस्करी एवं दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आज समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी, सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय, भा०प्र०से० की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के मुख्य बिंदु:
1. *समीक्षा*: जिला पदाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक, उत्पाद अधीक्षक, औषधि निरीक्षक एवं अन्य संबंधित विभागों से विगत तीन माह में NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामलों, जब्त मादक पदार्थों, गिरफ्तार अभियुक्तों एवं दोषसिद्धि की स्थिति की समीक्षा की।
2. *शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता*: सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय/महाविद्यालयों में “नशा मुक्त बिहार” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने का निर्देश दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रत्येक माह इसकी रिपोर्ट देने को कहा गया।
3. *केमिस्ट दुकानों की जांच*: औषधि निरीक्षक को निर्देश दिया गया कि बिना डॉक्टर की पर्ची के कोडीन युक्त कफ सिरप, नशीली दवाओं की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोरों पर सघन छापेमारी की जाए। नियम तोड़ने वालों का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाए।
4. *सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी*: उत्पाद विभाग एवं पुलिस को उत्तर प्रदेश सीमा से सटे क्षेत्रों में अवैध शराब एवं गांजा की तस्करी रोकने हेतु संयुक्त चेकपोस्ट लगाने एवं ड्रोन से निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
5. *नशा मुक्ति केंद्र*: सिविल सर्जन को जिला मुख्यालय में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मनोचिकित्सक की प्रतिनियुक्ति एवं परामर्श सेवा 24×7 उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
*जिला पदाधिकारी का निर्देश:*
जिला पदाधिकारी ने बैठक में कहा कि “युवा पीढ़ी को नशे के चंगुल से बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने, गुप्त सूचना तंत्र मजबूत करने एवं हर माह NCORD की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।
आम जनता से अपील की गई कि नशे के कारोबार की सूचना *डायल-112* या *जिला नियंत्रण कक्ष* पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
बैठक में एनकॉर्ड जिला स्तरीय समिति के सदस्य गण उपस्थित रहें।
