गंडक में अवैध खनन पर कड़ा शिकंजा, रूपनछापव बतरदेह में छापेमारी, ट्रैक्टर व जेसीबी जब्त
श्रीनारद मीडिया, गोपालगंज (बिहार):

गोपालगंज जिला के गंडक नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए रूपनछाप और बतरदेह घाटों पर बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान अवैध खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टरों के जरिए बालू का अवैध खनन कर जेसीबी से उसकी लोडिंग की जा रही थी। प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिससे खनन में लगे लोगों के बीच हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई प्रभारी जिला खनिज पदाधिकारी अनिल कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त वाहनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने साफ शब्दों में कहा कि गंडक नदी में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी निगरानी रखने और लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में भय का माहौल है।
यह भी पढ़े
सीवान पुलिस के दबिश से नौतन थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने के आरोपी न्यायालय में किया आत्मसमर्पण
जे आर कॉन्वेंट स्कूल में प्रेरणा सत्र में छात्रों को किया गया प्रोत्साहित
