नवादा जिला में NEET-UG परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित National Eligibility Cum Entrance Test (UG)-2026 परीक्षा दिनांक 03.05.2026 को नवादा जिले के 05 परीक्षा केन्द्रों पर सफलतापूर्वक, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो गई।
परीक्षा के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्थाएं की गई थीं। सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच एवं प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। केन्द्रों के अंदर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
जिला पदाधिकारी, नवादा, श्री रवि प्रकाश द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नवादा एवं राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, नवादा का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, निषिद्ध सामग्रियों की जांच तथा परीक्षा कक्षों में निगरानी व्यवस्था का गहन अवलोकन किया गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतर्क एवं जिम्मेदार रहते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया था, जिसका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित हुआ।
जिले के सभी 05 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 1944 परीक्षार्थियों में से 1861 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 83 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।