बगौरा पंचायत के वार्ड-9 में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन की सुविधा
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।
सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड अंतर्गत बगौरा पंचायत के वार्ड संख्या-9 में पंचायत समिति मद से पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। पंचायत समिति सदस्य अमित कुमार सिंह उर्फ भीम सिंह ने विधिवत कार्य का शुभारंभ कर ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
यह पीसीसी सड़क सुरेश ठाकुर की दुकान से लेकर अशोक प्रसाद के घर तक बनाई जाएगी। लंबे समय से इस मार्ग की स्थिति जर्जर होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। ग्रामीण लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पीसीसी सड़क बनने के बाद आवागमन सुगम होगा और विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं तथा बुजुर्गों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य अमित कुमार सिंह उर्फ भीम सिंह ने कहा कि क्षेत्र का समुचित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति मद से उपलब्ध राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ जनहित एवं विकास कार्यों में किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने पंचायत समिति सदस्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह विकास कार्यों की गति बनी रहेगी।
