MBBS परीक्षा में अदिति कुमारी ने किया टॉप, दारौंदा के बगौरा पंचायत का बढ़ाया मान
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा सीवान (बिहार )।
सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड के बगौरा पंचायत की मुखिया आशा देवी की सुपुत्री अदिति कुमारी ने एमबीबीएस की अंतिम वर्ष की परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार, गांव तथा पूरे दारौंदा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अदिति कुमारी ने महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, नासिक से संबद्ध इंदिरा गांधी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, नागपुर में आयोजित एमबीबीएस तृतीय (अंतिम वर्ष, सत्र 2021-25) की परीक्षा में 71.66 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने बैच में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि को कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम बताया जा रहा है।
अदिति के पिता ओमप्रकाश यादव ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने अपनी बेटी की इस सफलता का श्रेय उसके कठिन परिश्रम, परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
मुखिया प्रतिनिधि वीरबहादुर यादव ने अदिति की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे बगौरा पंचायत और दारौंदा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अदिति ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश के छात्र-छात्राएं भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
वहीं, अतरसन पंचायत की मुखिया किरण देवी ने अदिति को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह उपलब्धि समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश जाता है।
अदिति की इस शानदार सफलता पर गुड्डू यादव, अनिल चौधरी सहित गांव के अनेक गणमान्य लोगों एवं ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे क्षेत्र में उनकी उपलब्धि की चर्चा हो रही है।
