भोदसा गांव स्थित महावीर मंदिर में घटना की जानकारी लेते प्रशासनिक अधिकारी व मौजूद ग्रामीण
हनुमान प्रतिमा खंडित होने से भड़का ग्रामीणों का आक्रोश, जांच में जुटी पुलिस
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों को समझाकर कराया गया शांत, अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
श्रीनारद मीडिया, के के सिंह सेंगर, एकमा, सारण (बिहार):

सारण जिला के एकमा थाना क्षेत्र के पचुआ पंचायत के भोदसा गांव स्थित प्राचीन महावीर मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। बुधवार रात हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
ग्रामीणों के अनुसार भोदसा गांव का महावीर मंदिर लगभग 100 वर्ष पुराना है। मंदिर परिसर में भगवान शंकर-पार्वती, गणेश जी, नन्दनी महाराज तथा महावीर जी की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जहां वर्षों से नियमित पूजा-अर्चना होती आ रही है। प्रतिमा खंडित होने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमा हरकत में आ गया।
घटना की सूचना पर एसडीएम सदर नवीन कुमार, एसडीपीओ-2 राजकुमार, बीडीओ डॉ. अरुण कुमार, सीओ अमलेश कुमार, एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर पहुंचकर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को सामान्य कराया।
एसडीएम नवीन कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की मौजूदगी में शीघ्र ही विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि धार्मिक गतिविधियां पूर्ववत जारी रह सकें।
मंदिर के पुजारी हरेन्द्र उपाध्याय उर्फ पूरी बाबा ने एकमा थाना में आवेदन देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 20 मई की शाम जब वे पूजा करने मंदिर पहुंचे तो हनुमान जी की प्रतिमा खंडित अवस्था में पड़ी मिली। आवेदन में आशंका जताई गई है कि किसी असामाजिक तत्व ने धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया है।
थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि पुजारी के आवेदन के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले के अनुसंधान में जुटी है।
यह भी पढ़े
एचआईवी से संक्रमित व्यक्तियों में मिशन मोड में होगी सक्रिय टीबी की पहचान और उपचार
तीन माह से वेतन नहीं मिलने से नियोजित शिक्षकों में आक्रोश
प्रधानमंत्री मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की हुई जांच
PM मोदी लेंगे कोई बड़ा फैसला? विदेश से आते ही बुलाई अहम बैठक, सभी मंत्री होंगे शामिल
