रामगढ़ में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

झारखंड के रामगढ़ में अवैध विदेशी शराब कारोबार के खिलाफ रामगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गोला थाना क्षेत्र में संचालित एक नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार शराब, स्प्रिट, फर्जी होलोग्राम, बोतलें, स्टीकर और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोला थाना क्षेत्र के ऊपर खखरा टोला स्थित एक बंद घर में अवैध रूप से विदेशी शराब का निर्माण कर आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर रामगढ़ एसपी के निर्देश पर डीएसपी चंदन वत्स के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मनोज मुर्मू और भदरू सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने शराब निर्माण और भंडारण में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने मौके से करीब 250 पेटी विदेशी शराब, 1800 लीटर तैयार शराब, 1600 लीटर स्प्रिट, 20 हजार शराब बोतलों के ढक्कन, 40 हजार फर्जी लेबल और स्टीकर, 20 हजार खाली शराब की बोतलें तथा भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री बरामद की है। इसके अलावा एक पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी नकली विदेशी शराब तैयार कर विभिन्न कंपनियों के फर्जी होलोग्राम और स्टीकर लगाकर बाजार में सप्लाई करते थे। मामले में गोला थाना में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। रामगढ़ पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़े
‘एक साल तक सोना न खरीदें’-पीएम मोदी
मुजफ्फरपुर में बवाल, नगर विधायक रंजन कुमार को धमकी देने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार
नालंदा जिले में निगरानी विभाग ने 11 ट्रैप, 14 अधिकारियों और कर्मियों को रिश्वत लेते पकड़ा
महाराजगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग के क्रम में अवैध हथियार के साथ अभियुक्त को किया गिरफ्तार
