मशरक में रोगी कल्याण समिति की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

सारण जिला के मशरक प्रखंड कार्यालय परिसर में रोगी कल्याण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा अस्पताल प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता बीडीओ पंकज कुमार ने की।बैठक के दौरान बीडीओ पंकज कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, समय पर इलाज, दवाओं की उपलब्धता तथा अस्पताल परिसर में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ. अनंत नारायण कश्यप ने अस्पताल में चल रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मरीजों को बेहतर सेवा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, साथ ही उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार और बीसीएम लव कुश कुमार ने भी विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। सदस्यों ने अस्पताल में दवा की नियमित उपलब्धता, जांच सुविधाओं के विस्तार, डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों के लिए बैठने और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की मांग की।
उपस्थित सदस्यों में राजेन्द्र सिंह, खुशबू खातून, छठू राम, मीरा देवी, राजू मांझी और कृष्णा तिवारी समेत अन्य लोग शामिल रहे, जिन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को जनहित में और प्रभावी बनाने के लिए अपने विचार साझा किए। बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और जो भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
यह भी पढ़े
मैरवा थाना पुलिस ने कार पर लदी 432 ली. अवैध शराब के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार
असम राइफल्स का कब हुआ था स्थापना ? स्थापना दिवस पर विशेष
24 मार्च 📜 क्या है अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि दिवस (World Achievers Day)
महाष्टमी व्रत व अन्नपूर्णा पूजन 26 मार्च को श्रद्धा भक्ति के साथ मनाई जायेगी
अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने दिया अर्घ्य
बिहार पुलिस ने गृहभेदन कांड का किया सफल उद्भेदन!
इंटर परीक्षा- मजदूर का बेटा अतुुल इंटर साइंस में 465 अंक प्राप्त किया
