मशरक-छपरा-थावे रेलखंड पर चैनपुर-चरिहारा के बीच अंडरपास शुरू,आवागमन हुआ आसान और सुरक्षित
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

मशरक-छपरा-थावे रेलखंड पर वर्षों से आवागमन की समस्या झेल रहे लोगों के लिए अब बड़ी राहत की खबर है। मशरक और राजा पट्टी रेलवे स्टेशन के बीच चैनपुर और चरिहारा गांव के पास बहुप्रतीक्षित अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। रेल प्रशासन ने इसे आम जनता के लिए खोल दिया है, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस अंडरपास के शुरू होने से अब ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक पार करने के लिए जान जोखिम में डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पहले यहां रेलवे ढाला था , वहीं ट्रेन के आवागमन के दौरान लोगों को लंबे समय तक रुकना पड़ता था, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित होता था।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और छोटे व्यवसायियों को सबसे ज्यादा परेशानी होती थी। खेतों में जाने, बाजार आने-जाने और आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने में भी दिक्कतें आती थीं। अब अंडरपास बन जाने से इन सभी समस्याओं का समाधान हो गया है।
अंडरपास बनने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यातायात भी सुचारू रूप से चलेगा। इस परियोजना के पूरा होने से यह उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में भी इस रेलखंड पर इसी तरह के विकास कार्य होते रहेंगे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मशरक मेला बाजार जाने वाली सड़क पर भी जरूरत के अनुसार अंडरपास निर्माण कराया जाए। वहीं पूरब टोला गांव निवासी शुभनारायण सिंह ने फुट ओवरब्रिज बनानें की मांग की। ताकि पूरे क्षेत्र में सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित हो सके।
कुल मिलाकर, चैनपुर-चरिहारा के बीच बना यह अंडरपास सिर्फ एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हजारों लोगों के जीवन को सुरक्षित, सरल और बेहतर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हो रहा है। स्थानीय समाजसेवी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि चैनपुर गांव में बना अंडरपास मशरक में एन एच 227 ए राम जानकी पथ को पानापुर मुख्यालय से जोड़ती है, वहीं चरिहारा गांव में बना अंडरपास मशरक में एन एच 227 ए राम जानकी पथ को हंसापीर,धनौती, रसौली होते हुए पानापुर को जोड़ते हुए सतजोड़ा में एन एच 227 ए राम जानकी पथ में मिलती है। दोनों सड़कें इलाके के लिए लाइफ़ लाइन का काम करती है। इस दोनों अंडर पास के बन जाने से लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
यह भी पढ़े
‘M’ फैक्टर ने कैसे बंगाल का भविष्य तय किया?
घुसपैठियों पर होगा कड़ा ऐक्शन- पीएम मोदी
सिधवलिया की खबरें : सिकटीया कुंड में नहाने के दौरान गहरे पानी में किशोर लपाता
