सुपौल : डीएम के औचक निरीक्षण में खुली सरकारी दफ्तरों की पोल
बीडीओ समेत कई कर्मचारी बिना सूचना गायब
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार (Sawan Kumar) ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय सहित कई सरकारी दफ्तरों का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचे निरीक्षण से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण शुरू करने से पहले डीएम ने प्रखंड कार्यालय का मुख्य द्वार बंद करा दिया।
इसके बाद उन्होंने एक-एक कर विभिन्न कार्यालयों में पहुंचकर पदाधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण में कई अधिकारी और कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई निरीक्षण के दौरान बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता और एमओ ओमप्रकाश भी कार्यालय से अनुपस्थित मिले।
वहीं डीएम के पहुंचने की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी जल्दबाजी में अपने कार्यालय पहुंचे अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश कई कर्मियों के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा समय पर कार्यालय पहुंचने का सख्त निर्देश दिया। इसके बाद डीएम मनरेगा कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यक्रम पदाधिकारी शिव नारायण लाल और एक कार्यपालक सहायक भी अनुपस्थित पाए गए। तल्ख तेवर में दिखे जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वे सुबह 11 बजकर 43 मिनट पर प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे और जांच के दौरान कई सरकारी दफ्तरों में गंभीर विसंगतियां पाई गईं। डीएम ने कहा कि बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए बीडीओ और एमओ के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं संविदा लिपिक रामनारायण झा और रतन कुमार को सेवा से मुक्त करने का पत्र गुरुवार शाम तक जारी करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा पूजा कुमारी सहित कई ऑपरेटरों के विरुद्ध भी बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी ने छह और सात मार्च की छुट्टी के लिए आवेदन दिया था, लेकिन वे पांच मार्च से ही अनुपस्थित हैं। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उनकी सैलरी में कम से कम 70 प्रतिशत कटौती की जाएगी तथा विभागीय कार्रवाई भी होगी।मनरेगा कार्यालय से बिना सूचना अनुपस्थित कार्यपालक सहायक को भी बर्खास्त करने का निर्देश दिया गया है।
डीएम ने यह भी कहा कि सरकारी अस्पतालों में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की शिकायत लगातार मिल रही है। इसे सुधारने के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का व्यापक स्तर पर फेरबदल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है और जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम दिखेगा।
यह भी पढ़े
‘पितरौ ध्यान लोकस’ मंदिर के निर्माण स्थल पर होली के दिन पूजा अर्चना
सिधवलिया की खबरें : युवक को उसके ही गांव के कुछ युवकों ने चाक़ू मारकर घायल किया
वरिष्ठ पत्रकार स्व. वीरेन्द्र कुमार यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
