Headlines

मशरक में 25 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद, 28 जून से शुरू होगा विशेष अभियान

मशरक में 25 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद, 28 जून से शुरू होगा विशेष अभियान

श्रीनारद मीडिया, विक्‍की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

 

सारण जिला के मशरक प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 28 जून से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 25 हजार बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी।

 

अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनंत नारायण कश्यप के नेतृत्व में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया। बैठक में अभियान से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना आवश्यक है और इसमें स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

डॉ. कश्यप ने बताया कि अभियान के पहले दिन 28 जून को प्रखंड क्षेत्र में बनाए गए विभिन्न पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।

 

अभियान के सफल संचालन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 69 पोलियो टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न गांवों और वार्डों में जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी। इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य आवागमन वाले स्थानों पर 9 ट्रांजिट टीमों की तैनाती की गई है ताकि यात्रा कर रहे बच्चों को भी पोलियो की खुराक दी जा सके।

 

वहीं दूरस्थ क्षेत्रों और विशेष परिस्थितियों के लिए 2 मोबाइल टीमों को लगाया गया है। पूरे अभियान की निगरानी और पर्यवेक्षण के लिए 24 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।बैठक में अभियान के दौरान टीमों की जिम्मेदारियों, दवा की उपलब्धता, निगरानी व्यवस्था तथा छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें दवा पिलाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

 

बीसीएम लव कुश कुमार ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभाग का लक्ष्य है कि प्रखंड का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। प्रभारी डॉ अनंत नारायण कश्यप ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पोलियो उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे इस राष्ट्रीय अभियान में सभी अभिभावक सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाकर उन्हें सुरक्षित भविष्य प्रदान करें।

यह भी पढ़े

 दरौली में दुकानदार की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

शिक्षकों का ट्रांसफर और पोस्टिंग 14 दिनों में पूरी होगी… 1 जुलाई से नए स्कूल में पढ़ाएंगे

जमुई में APK फाइल भेजकर 1 करोड़ की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, ऐसे उड़ाता था बैंक खातों से पैसे

कटिहार में हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार:अपराधिक घटना को अंजाम देने की कर रहा था तैयारी

भागलपुर : ड्यूटी में लापरवाही पर थानाध्यक्ष समेत नौ पुलिसकर्मी निलंबित

 

Leave a Reply

error: Content is protected !!