Headlines

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क 

भारत और अमेरिका के रक्षा संबंधों पर बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, भारत और अमेरिका के बीच बेहद शानदार रिश्ते हैं. अगर भारत पर कोई हमला होता है, तो हम उसकी मदद के लिए खड़े रहेंगे. अगर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाले भारत पर कोई भी हमला करता है, तो अमेरिका पूरी ताकत से उनके साथ खड़ा दिखाई देगा.

ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया सख्त नेगोशिएटर, जल्द भारत आने का किया वादा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें एक बेहद सख्त नेगोशिएटर बताया. ट्रंप ने कहा, वह दिखने में किसी फरिश्ते की तरह बेहद सौम्य और शांत लगते हैं, लेकिन असल में वह बातचीत और डील्स के मामले में उतने ही सख्त और माहिर खिलाड़ी हैं. वह अक्सर सामने वाले को चौंका देते हैं. वह जितने कड़े व्यापारी हैं, उतने ही देशभक्त भी हैं. वह भारत की जनता से बेहद प्यार करते हैं, और अमेरिका के लिए भी उनके मन में सम्मान है. ह्यूस्टन का ‘हाउडी मोदी’ इवेंट इसका गवाह है जहां पूरा स्टेडियम भरा हुआ था. हम भविष्य में जल्द ही भारत का दौरा करेंगे.

जब तक मैं व्हाइट हाउस में हूं, भारत का अमेरिका में एक दोस्त है : ट्रंप

प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा: जब तक मैं व्हाइट हाउस में हूं, भारत का अमेरिका में एक दोस्त है. ट्रंप ने कहा- पश्चिम एशिया समेत कई अहम मुद्दों पर भारत बड़ी भूमिका निभाता है. रोजगार के मामले में भारत के साथ हमारे संबंध हमेशा से बहुत अच्छे रहे हैं.

भारत हमारे साथ जो चाहे कर सकता है : ट्रंप

अमेरिका से भारत की ऊर्जा खरीद पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, भारत हमारे साथ जो चाहे कर सकता है. हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं. हम इससे ज्यादा करीब नहीं हो सकते – मैं और पीएम मोदी, और हमारे देश. लेकिन असल में इसकी शुरुआत हम दोनों से होती है, हम इससे ज्यादा करीब नहीं हो सकते.

ईरान के साथ डील पर क्या बोले ट्रंप?

ईरान के साथ डील पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, यह एक मेमोरैंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) है, लेकिन यह बहुत मजबूत है. यह सिर्फ दो पैराग्राफ का नहीं है, बल्कि यह एक लंबा और डिटेल्ड मेमोरैंडम है जो आगे चलकर एक रेगुलर कॉन्ट्रैक्ट बन जाएगा. मुझे लगता है कि वे ऐसा करेंगे. अगर वे नहीं करते हैं, तो भी ठीक है, हमें प्रक्रिया फिर से शुरू करनी होगी. वे डील करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखना जरूरी- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप के साथ बैठक में कहा कि वैश्विक व्यापार के लिए होर्मुज स्ट्रेट का खुला रहना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि यह रास्त दुनिया की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है और इसे खुला बनाए रखना आवश्यक है. पीएम मोदी ने समुद्री सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि दुनिया भर में लाखों नाविक समुद्री मार्गों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में भारतीय नाविक भी शामिल हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी बेहद जरूरी है.

ट्रंप ने भारत की भूमिका को बताया बेहद अहम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातों का समर्थन करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मिडिल ईस्ट में भारत की भूमिका लगातार बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है. ट्रंप ने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी भारत का नेतृत्व कर रहे हैं, तब तक मिडिल ईस्ट में भारत की भूमिका और प्रभाव महत्वपूर्ण बना रहेगा.

आर्थिक सहयोग को लेकर भी हुई चर्चा

बैठक में भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई. राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका में भारतीय निवेश और भारतीय कंपनियों की बढ़ती मौजूदगी की सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका में निवेश को बढ़ावा दे रहे हैं और दोनों देशों के आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं.

व्यक्तिगत संबंधों का भी किया जिक्र

राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मोदी लंबे समय से उनके मित्र रहे हैं और उनसे मुलाकात हमेशा सुखद रहती है. बता दें पीएम मोदी फिलहाल फ्रांस में हैं, बुधवार को उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात और वार्ता की. वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत और अमेरिका की यह बातचीत काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. डिफेंस, ट्रेड, व्यापार, ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर दोनों देशों की साझेदारी आने वाले समय में और मजबूत हो सकती है.

Leave a Reply

error: Content is protected !!