Headlines

दो सगी बहनें CISF में चयनित होकर बढ़ाया दारौंदा का मान, गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

दो सगी बहनें CISF में चयनित होकर बढ़ाया दारौंदा का मान, गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा सीवान (बिहार )।

सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड की पिनर्थु खुर्द पंचायत अंतर्गत इंदापुर गांव की दो सगी बहनों ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में भर्ती होकर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हरेराम यादव की पुत्री वर्षा यादव और शिवानी यादव की इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है। दोनों बहनों के प्रशिक्षण के बाद पहली बार गांव पहुंचने पर ग्रामीणों, शुभचिंतकों और परिजनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
गांव पहुंचते ही दोनों बहनों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए मिठाइयां खिलाईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वागत समारोह के दौरान लोगों ने कहा कि वर्षा यादव और शिवानी यादव ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर ग्रामीण परिवेश से भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
परिजनों ने बताया कि दोनों बहनों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरी निष्ठा के साथ की। उनकी सफलता से परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि दोनों बेटियों ने पूरे इलाके की बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की अन्य छात्राओं में भी देश सेवा और सरकारी नौकरी के प्रति नई प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों में उनकी बढ़ती भागीदारी महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है। वर्षा और शिवानी की सफलता इसी बदलते भारत की तस्वीर प्रस्तुत करती है।
ग्रामीणों ने दोनों बहनों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ देश की सेवा कर क्षेत्र का नाम आगे भी रोशन करती रहेंगी। दोनों बहनों की इस सफलता से पूरे इंदापुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में हर्ष और गर्व का वातावरण बना हुआ है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!