
दारौंदा में आदर्श विद्यालय ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ का शुभारंभ, आधुनिक सुविधाओं से संवरेगी सरकारी शिक्षा व्यवस्था
श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार)।
सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड स्थित बीआरसी परिसर में 19 जुलाई रविवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय दारौंदा में सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का विधिवत उद्घाटन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सौरभ सुमन एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। यह कार्यक्रम राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य’ के तहत आयोजित किया गया।
बीईओ सौरभ सुमन ने बताया कि दारौंदा प्रखंड में यह एकमात्र आदर्श विद्यालय है, जिसे बिहार सरकार के सात निश्चय-3 (2025-30) के अंतर्गत विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को आधुनिक संसाधनों से लैस उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लास, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) आधारित शिक्षा, आधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेलकूद की बेहतर सुविधाएं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
बीईओ ने विश्वास जताया कि आदर्श विद्यालय के संचालन से क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा। उद्घाटन समारोह को लेकर शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से दारौंदा प्रखंड की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा नेता उमाशंकर सिंह, मंडल अध्यक्ष बबलू सिंह, जिला पार्षद धर्मेंद्र कुमार यादव उर्फ छून्नी बाबू, मुखिया रामकृष्ण सिंह ‘काका’, धनु भारती, सांसद प्रतिनिधि हितेश कुमार, प्रधानाध्यापिका दीप्ति कुमारी, हरिचरण प्रसाद, शिक्षक योगेंद्र यादव, मानवेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरा समारोह गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
