Headlines

मुहर्रम को लेकर दारौंदा प्रखंड मुख्यालय में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

मुहर्रम को लेकर दारौंदा प्रखंड मुख्यालय में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा सीवान (बिहार)।

सीवान जिले के दारौंदा प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी (सीओ) वेद प्रकाश नारायण ने की। बैठक में  प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ वेद प्रकाश नारायण ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे, शांति और अनुशासन का पर्व है। उन्होंने सभी लोगों से प्रशासन का सहयोग करते हुए पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने कहा कि मुहर्रम के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा जुलूस की निगरानी की जाएगी। उन्होंने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक संदेश साझा नहीं करने की अपील की।

बैठक में पूर्व जिला पार्षद सुरेन्द्र राय, बीरेन्द्र शर्मा, उप प्रमुख हरेश यादव, मुखिया मंसूर अंसारी, नईमुल हक सिद्दीकी, अशोक सिंह, मो अली, इरफान अंसारी, सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही पर्व के दौरान आपसी सद्भाव बनाए रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में संयम बरतने की बात कही।

बैठक के अंत में प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई और सभी से मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में मुहर्रम पर्व संपन्न कराने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

Leave a Reply

error: Content is protected !!