Headlines

छोटा परिवार, बेहतर भविष्य: विश्व जनसंख्या दिवस पर सारण में जागरूकता अभियान का आगाज

छोटा परिवार, बेहतर भविष्य: विश्व जनसंख्या दिवस पर सारण में जागरूकता अभियान का आगाज
• सदर अस्पताल से निकली जागरूकता रैली, परिवार नियोजन के प्रति लोगों को किया जागरूक
• 11 से 31 जुलाई तक चलेगा परिवार नियोजन महाअभियान
• सदर अस्पताल में लगा विशेष मेला, बांटे गए गर्भनिरोधक साधन

श्रीनारद मीडिया, पंकज मिश्रा, अमनौर, सारण (बिहार):

छपरा। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सारण जिले में ‘जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा-2026’ का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सदर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में परिवार नियोजन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। इस दौरान जीएनएम एवं एएनएम प्रशिक्षण संस्थान की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को छोटे परिवार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन के महत्व के प्रति जागरूक किया। वहीं सदर अस्पताल में परिवार नियोजन मेला लगाकर इच्छुक दंपतियों को परिवार नियोजन के अस्थायी साधन उपलब्ध कराए गए तथा स्थायी परिवार नियोजन सेवाओं की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सही समय पर विवाह, बच्चों के जन्म के बीच पर्याप्त अंतराल और छोटा परिवार अपनाने से मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है।

रैली के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के तहत सदर अस्पताल से निकली जागरूकता रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर गुजरी। रैली में शामिल छात्राओं ने “बच्चे दो ही अच्छे”, “हम दो, हमारे दो”, “छोटा परिवार, सुखी परिवार” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन अपनाने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान आम नागरिकों को जनसंख्या स्थिरीकरण के सामाजिक और आर्थिक लाभों की भी जानकारी दी गई।

31 जुलाई तक चलेगा जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा
सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने कहा कि 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक पूरे जिले में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांव-गांव और स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
परिवार नियोजन मेले में दी गई विभिन्न सेवाएं
सदर अस्पताल में आयोजित परिवार नियोजन मेले में बड़ी संख्या में इच्छुक दंपतियों ने भाग लिया। उन्हें परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थायी साधनों का वितरण किया गया तथा स्थायी परिवार नियोजन सेवाओं के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया गया।
ये सेवाएं रहेंगी उपलब्ध
सेवा पखवाड़ा के दौरान जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर निम्नलिखित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
• महिला बंध्याकरण
• पुरुष नसबंदी
• कॉपर-टी (IUCD)
• गर्भनिरोधक इंजेक्शन (अंतरा)
• कंडोम
• दैनिक गर्भनिरोधक गोली (माला-एन)
• साप्ताहिक गोली (छाया)
• आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली

सही उम्र में विवाह और बच्चों में अंतराल पर रहेगा विशेष जोर अभियान के दौरान लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि लड़कियों का विवाह उचित आयु में किया जाए, विवाह के बाद पहला बच्चा महिला की 20 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद हो तथा दो बच्चों के जन्म के बीच कम-से-कम तीन वर्ष का अंतर रखा जाए। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आती है और परिवार का स्वास्थ्य बेहतर रहता है।

सभी स्वास्थ्य संस्थानों को दिए गए निर्देश
सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि परिवार नियोजन शिविरों का नियमित आयोजन किया जाए। साथ ही ऑपरेशन थिएटर, स्टरलाइजेशन रूम और पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड की सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं, ताकि लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।

प्रेरकों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
जिला स्वास्थ्य समिति के जिला सामुदायिक उत्प्रेरक (डीसीएम) ब्रजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि परिवार नियोजन के लिए लाभार्थियों को प्रेरित करने वाले सामुदायिक कार्यकर्ताओं को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। महिला बंध्याकरण के लिए प्रति लाभार्थी 300 रुपये तथा पुरुष नसबंदी के लिए 400 रुपये की प्रोत्साहन राशि निर्धारित की गई है। यह राशि संबंधित सरकारी स्वास्थ्य संस्थान द्वारा दी जाएगी।

 

इसके अलावा नसबंदी अथवा बंध्याकरण कराने वाले लाभार्थियों को सरकारी एंबुलेंस से निःशुल्क घर पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद कुमार, डीसीएम ब्रजेंद्र कुमार सिंह, डीएमएनई ब्रजेश कुमार, सदर अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद, लेखापाल बंटी कुमार रजक, जननी सूर्या क्लिनिक, सी-3 संस्था, पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधियों सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें

 अंचल कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में आधा दर्जन भूमि विवादों की हुई सुनवाई

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिला स्कूल, छपरा में “सखीवार्ता” कार्यक्रम आयोजित

सतलुज’ विवाद के बीच IT एक्ट में संशोधन पर विचार

महावीरी विजयहाता में स्नेह मिलन कार्यक्रम संपन्न

भारत विकास परिषद के स्थापना दिवस पर पचरूखी में एनीमिया जाँच शिविर आयोजित

चिकित्सक ने मनाया अनोखा शादी का सालगिरह  

 

Leave a Reply

error: Content is protected !!