Headlines

अपराधियों को माला पहनाने की जरूरत नहीं है, माला चढ़ाइए- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

अपराधियों को माला पहनाने की जरूरत नहीं है, माला चढ़ाइए- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

 

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस को खुली छूट दे दी है। सभी जिलों के जिलाधिकरी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के साथ गुरुवार को आयोजित बैठक में सीएम ने कहा कि अपराधियों को माला पहनाने की जरूरत नहीं है, माला चढ़ाइए। सीएम का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बिहार में 24 घंटे के भीतर पुलिस के दो एनकाउंटर हुए। इनमें से एक में हत्याकांड के आरोपी को ढेर कर दिया गया, जबकि दूसरे में पैर में गोली मारकर ‘लंगड़ा’ किया गया।

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद डीएम और एसपी के साथ उनकी यह पहली बैठक थी। पटना स्थित राज्य कन्वेंशन हॉल में आयोजित इस बैठक में सीएम ने राज्य में कानून व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसेवा वितरण की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम सम्राट ने कहा कि हत्या समेत किसी भी आपराधिक घटना के 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही समय पर चार्जशीट भी दाखिल कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि आपराधिक मामलों में 12 से 13 दिनों के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाना चाहिए, जिससे जनता को प्रशासन के सतर्क होने का स्पष्ट संकेत मिल सके।

बच्चियों से अपराध करने वालों पर माला चढ़ाएं

सम्राट चौधरी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चियों से होने वाले अपराध में किसी भी तरह की ढिलाई ना बरती जाए। जो अपराधी 10-12 साल की बच्ची के साथ अपराध करता है, उसे माला पहनाने की जरूरत नहीं, बल्कि उस पर माला चढ़ाई जाए। सीएम ने कहा कि जो अपराधी 15 साल से छोटी बच्चियों के साथ अपराध कर सकता है, तो वो अपने परिवार में भी कुछ कर सकता है।

24 घंटे में दो एनकाउंटर

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण प्रसाद की हत्या करने के आरोपी रामधनी यादव को पुलिस ने बुधवार तड़के एनकाउंटर में ढेर कर दिया। इसके 24 घंटे के भीतर ही सीवान में भी मुठभेड़ हुई। यहां पूर्व भाजपा एमएलसी मनोज सिंह के भांजे की गोली मारकर हत्या के आरोपी छोटु यादव को भी पुलिस ने गुरुवार तड़के एनकाउंटर में घायल कर दिया। उसे पैर में गोली लगी है। बिहार में अपराधियों और पुलिस के बीच लगातार हो रही मुठभेड़ के बीच आए मुख्यमंत्री के माला पहनाने वाले बयान को लेकर सियासत गर्माई हुई है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के सभी बड़े अधिकारियों, जैसे डीएम और एसपी के साथ मैराथन बैठक की. इस बैठक में उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दिया, जिसका मतलब है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने पुलिस को आदेश दिया कि वे टेक्नोलॉजी और एआई (AI) का इस्तेमाल कर अपराधियों को पकड़ें. सरकार चाहती है कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी हो जिससे आम जनता का भरोसा बढ़े.

हाल ही में बिहार के सीवान और भागलपुर में हुई पुलिस कार्रवाई ने सरकार के इरादे साफ कर दिए हैं. सीवान में बीजेपी नेता के रिश्तेदारों पर गोली चलाने वाले बदमाशों और भागलपुर में एक अधिकारी की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया. इन घटनाओं ने अपराधियों को यह संदेश दे दिया है कि अगर वे कानून तोड़ेंगे, तो उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.

मुख्यमंत्री ने केवल अपराध ही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार पर भी कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के सीधे आम लोगों तक पहुँचना चाहिए. किसी भी स्तर पर काम में लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो अधिकारी अपनी जिम्मेदारी सही से नहीं निभाएंगे, उन पर भी कार्रवाई की जाएगी.

सम्राट सरकार का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना है. मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लोगों के साथ प्यार से पेश आएं और उनकी समस्याओं को सुनें. जब पुलिस का काम पारदर्शी और जवाबदेह होगा, तभी लोगों का विश्वास कानून पर मजबूत होगा. अब देखना यह है कि सरकार की इस नई रणनीति से बिहार में अपराध कितना कम होता है.

  • यह भी पढ़े…………….

 

 

Leave a Reply

error: Content is protected !!