Headlines

दूसरी बार श्री अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन हेतु

दूसरी बार श्री अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन हेतु

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क


सदर हस्पताल , गोरखपुर में ” हेल्थ फिटनेस रिपोर्ट ” के लिए लाइनों में लग – लग कर विभिन्न जांच की प्रक्रिया शुरू की।

इस बार मेरे साथ पिछली बार के सहयात्रियों में से केवल श्री शिवाकांत तिवारी जी और उनकी धर्मपत्नी नीलम है । मेरी धर्मपत्नी पिछली बार तो गई थीं लेकिन इस बार बहुत अनुरोध करने पर भी तैयार नहीं हुई । तीन अन्य लोगों के भी जाने की संभावना है , जो पिछली बार हमारे साथ नहीं गए थे ।

आज दस बजे तक केवल ‘ एक्सरे ‘ हो पाया है ।

ब्लड टेस्ट की लंबी लाइन में लगा हूं । 11 बजे तक यहां से फारिग होने की संभावना है ।

घंटे भर में ब्लड टेस्ट हुआ और फिर हम ECG के लिए पहुंचे । लंबी लाइन लगी थी और ECG वाले अपने परिचितों और सेटिंग वालों को बिना लाइन अंदर घुसा – घुसा कर उनका काम करते जा रहे थे ।

साढ़े ग्यारह बजे से तीन बजे तक ECG के लाइन में लगे रहने के बावजूद हमारा ECG नहीं हुआ क्या। पैरवी और सेटिंग वालों का ढाई बजे के बाद भी काम हुआ । हम अनुनय – विनय करते रह गए , हमारी बात नहीं सुनी गई । अंत में हमें वापस लौटना पड़ा । बाद में पता चला कि सबके हट जाने पर फिर ECG शुरू हुआ और सेटिंग वालों का ECG हुआ । यह मालूम होने पर जब हम पुनः वहां पहुंचे तो काम समेटा जा रहा था । हमारे लाख कहने पर भी इस बार भी हमारा टेस्ट नहीं हुआ और स्टाफ हमारा मजाक उड़ाते हुए चले गए ।

बिल्कुल अराजक स्थिति है गोरखपुर के सदर हस्पताल की । आजकल श्री अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालु यात्रा पंजीकरण के लिए ” मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट ” बनवाने सदर हस्पताल आ रहे हैं और हर जगह उनको परेशान किया जा रहा है । श्री योगी महाराज जी के गोरखपुर में उनकी परवाह किए बिना श्रद्धालुओं का शोषण हो रहा है ।

अब कल पुनः ECG के लिए सुबह – सुबह आकर लाइन में लगेंगे , इस उम्मीद के साथ की स्टाफ हम पर थोड़ा रहम कर हमारा भी ECG कर दें ।

14 अप्रैल ‘ 2026 ,

सुबह छह बजे घर से आ कर गोरखपुर सदर हस्पताल में जिस भवन में ECG होना था , उसकी गेट पर खड़े हो गए ।
गेट आठ बजे के बाद खुलना था लेकिन कल की परेशानी की वजह से हम जल्दी आ गए थे , ताकि लाइन में आगे रह सकें और आज ECG हो जाए ।

वहां एक पच्चीस – छब्बीस साल का युवा जैसे – जैसे लोग पहुंच रहे थे उनका नाम एक कागज पर लिखता जा रहा था । पहले मुझे लगा कि वह हस्पताल का हीं कोई कर्मचारी है लेकिन वह भी हमारी तरह ही पिछले दिन का लौटा हुआ श्रद्धालु था । उसने कल हमें परेशान होते और ECG स्टॉफ की दादागिरी सहते हुए देखा था । उसने मुझे आश्वस्त किया कि मैं परेशान ना होऊं। आज उसके लिखे क्रम के अनुसार हीं ECG होगा । उसने कहा कि अगर ऐसा ना हुआ तो इसका वह प्रखर विरोध करेगा , भले हीं वह यात्रा पर ना जा पाए ।

उसकी बातों से हमें बड़ी तसल्ली हुई । साढ़े आठ के आसपास ECG वाले भवन का गेट खुला और हम भागते हुए जा कर लाइन में लगे । हमारी तमाम चौकसी के बावजूद , जैसे हीं ECG होना शुरू हुआ , एक साथ आठ आदमी , जो कहीं भी लाइन में नहीं थे , धड़धड़ाते हुए अंदर घुस गए । बेहद ढ़िढाई और निर्लज्जता से , हमारे मुखर विरोध के बावजूद , पहले उन सभी का ECG हुआ , फिर लाइन वालों का होना शुरू हुआ । बीच – बीच में सेटिंग वाले आते रहे , आराम से अपना टेस्ट करा, जाते रहे । करीब घंटे भर बाद हमारा भी नंबर आया और किसी तरह हमारे ECG का रिपोर्ट मिला ।

आज 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर जी की जयंती थी और हस्पताल ” हाफ डे ” था , इसलिए हम अपना अधूरा काम छोड़ घर लौट आए ।

कल फिर सुबह – सुबह जा कर आगे की प्रक्रिया के लिए लाइनों में लगेंगे । कल हस्पताल पूरे दिन खुला है इसलिए उम्मीद है कल हमारा स्वास्थ्य प्रमाण पत्र मिल जाएगा ।

कल हीं 15 अप्रैल से श्री अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण भी शुरू हो जाएगा । कल यदि हमे स्वास्थ्य प्रमाण पत्र मिल गया तो कल ही पंजीकरण का प्रयास होगा ।

बाबा भोले बर्फानी से प्रार्थना है कि शुरुआती दिनों का डेट हमें मिल जाए ताकि उनका दर्शन हो सके । पिछले वर्ष हमें दस – बारह दिनों बाद का डेट मिला था इसलिए बाबा के दर्शन नहीं हो पाए थे ।

15 अप्रैल , 2026 ,

आज सुबह 6.30 पर हम सदर हस्पताल पहुंच गए ।
आज फाइनल दस्तखत – मुहर होना है ।

सुबह आठ बजे से ऑफिस खुलना है । ऑफिस के आगे हम लाइन में लगे हैं । आठ बज कर पैतालीस मिनट हो गए हैं , ऑफिस पर अभी तक ताला लटका है । कोई यह बताने वाला नहीं है कि यह ऑफिस कब खुलेगा ।

हमारे पास धैर्य की कमी नहीं है । तीन दिनों से दिन – दिन भर शांति पूर्वक लाइनों में लग रहे हैं , भले हीं सेटिंग वाले आगे से जा – जा कर अपना काम कराते रहे । हम नियम – कानून मानने वाले निरीह लोग लाइन में लगे रहते है , भले हीं हमरा नंबर आते – आते ऑफिस वाले अपना बैग उठा कर चल दें और ऑफिस में ताला लटक जाए ।

श्री अमरनाथ यात्रा के लिए आज 15 अप्रैल से हीं पंजीकरण शुरू होने वाला है , इसलिए बेचैनी है कि यहां से फारिग हो तो पंजीकरण वाली लाइन में लगे । सब हस्पताल वालों और 22 नंबर कमरे वाले साहब की मेहरबानी पर है । घर से अच्छी तरह से खा – पी कर तैयार हो कर हीं तो आयेंगे , लगे रहें श्रद्धालु लाइन में ।

साढ़े दस बजे गेट खुला । सबसे आगे हम थे लेकिन गेट खुलते हीं आठ – दस सेटिंग वाले लोग घुस गए । पहले उनका काम हुआ , फिर हम पहले – दूसरे – तीसरे का काम होना शुरू हुआ । तभी एक आदमी एक साथ चार – पांच फॉर्म ले कर पहुंचा । फिर हमारा काम रुका , उनका हुआ फिर हमारी बारी आई ।

भोले शंकर की कृपा से आज तीसरे दिन सदर हस्पताल का काम सम्पन्न हुआ ।

अब पंजीकरण कराना था । श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड का साइट खुल नहीं रहा था और PNB में अफरातफरी का माहौल था । एक कागज़ पर नाम लिख कर नंबर लग रहा था । हमारा नंबर 150 से 160 के बीच था । बैंक वाले बता रहे थे कि एक दिन में केवल 15 लोगों का हीं बैंक के द्वारा पंजीकरण किया जाएगा । इस हिसाब से हमारी बारी हफ्ता – दस दिन में आने की संभावना थी ।

अब श्राइन बोर्ड का साइट खुले तो आनलाइन पंजीकरण का हीं सहारा है ।

जय बाबा बर्फानी 🙏🏻

आभार- अजय जी

Leave a Reply

error: Content is protected !!