स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सीएचसी मशरक में बैठक, दिए गए निर्देश
श्रीनारद मीडिया, विक्की बाबा, मशरक, सारण (बिहार):

सारण जिला के मशरक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी व सुदृढ़ बनाने को लेकर स्थांतरित होकर आई जीएनएम समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनंत नारायण कश्यप ने की। बैठक में अस्पताल की वर्तमान व्यवस्था, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं तथा भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभारी चिकित्सक डॉ. कश्यप ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई, दवा वितरण, मरीजों की नियमित निगरानी तथा आपातकालीन सेवाओं को हर समय सक्रिय रखने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान जीएनएम कर्मियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक सतर्कता बरतने, टीकाकरण अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने तथा प्रसव सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीजों के साथ संवेदनशील और सौम्य व्यवहार रखने पर भी बल दिया गया।
स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार ने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, दवाओं की स्थिति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वहीं प्रियांशु प्रकाश समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भी अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि नियमित अंतराल पर ऐसी बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार समय-समय पर किया जा सके। इस मौके पर अस्पताल के कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़े
मशरक में भगवान परशुराम की जयंती उत्सव पूर्वक मनायी गयी
कृषक किस्म के संरक्षण एवं मूल्य संवर्धन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
अक्षय तृतीया पर भारतीयों ने बीस टन से भी अधिक सोना खरीदा
