रांची में मौसम का यू-टर्न, 16 मई तक बादल और बारिश के आसार
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

झारखंड के राजधानी रांची के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अब मौसम राहत देने वाला है। मौसम का मिजाज बदल चुका है और आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची मौसम केंद्र के मुताबिक 16 मई तक रांची और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।
16 मई तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रांची में अगले कई दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला नहीं है। 11 से 14 मई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश या गरज-चमक की संभावना है। इसके बाद 15 और 16 मई को भी ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है। यानी लोगों को फिलहाल तेज गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। इससे सुबह-शाम मौसम थोड़ा सुहाना महसूस हो सकता है।
बारिश के साथ परेशानी भी संभव
मौसम का यह बदलाव राहत तो देगा, लेकिन कुछ मुश्किलें भी साथ ला सकता है। गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी जा रही है। पिछले दिनों रांची में तेज आंधी और बारिश की वजह से बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी। ऐसे में अगर मौसम फिर बिगड़ता है तो कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति पर असर पड़ सकता है। यह मौसम बदलाव किसानों के लिए मिला-जुला असर लेकर आ सकता है। जहां गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं अचानक बारिश और तेज हवा फसलों को नुकसान भी पहुंचा सकती है। दूसरी ओर आम लोगों के लिए यह मौसम थोड़ी राहत वाला रहेगा, खासकर उन लोगों के लिए जो दिनभर बाहर काम करते हैं।
यह भी पढ़े
नालंदा जिले में निगरानी विभाग ने 11 ट्रैप, 14 अधिकारियों और कर्मियों को रिश्वत लेते पकड़ा
चैनपुर पुलिस ने मनीष हत्याकांड में संलिप्त अभियुक्त को किया गिरफ्तार
एकमा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी हिरासत में, एसआईटी गठित
