माकपा नेता अरुण कुमार सिंह ने लिया अंगदान का संकल्प
मानवता की सेवा के लिए मृत्यु के बाद भी अंगदान से दूसरे को जीवन दान देंगे अरुण कुमार
श्रीनारद मीडिया, के के सिंह एकमा, सारण (बिहार):

सारण जिले के एकमा प्रखंड के एकारी गांव निवासी व वरिष्ठ माकपा नेता अरुण कुमार सिंह ने अंगदान का संकल्प लेकर मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल की है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (नोटो) द्वारा जारी प्रमाणपत्र के अनुसार उन्होंने मृत्यु के उपरांत अपने महत्वपूर्ण अंगों एवं ऊतकों के दान की स्वीकृति प्रदान की है। उनके इस निर्णय की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
अरुण कुमार सिंह ने कहा कि अंगदान ऐसा महादान है, जिसके माध्यम से व्यक्ति मृत्यु के बाद भी कई लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि मानव शरीर नश्वर है, लेकिन यदि उसके अंग किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में सहायक बनें तो इससे बड़ा पुण्य कार्य और कोई नहीं हो सकता। इसी सोच और सामाजिक दायित्व की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने अंगदान का संकल्प लिया है।
नोटो द्वारा जारी प्रमाणपत्र के अनुसार उन्होंने यकृत, गुर्दा, हृदय, फेफड़ा और अग्न्याशय जैसे महत्वपूर्ण अंगों के साथ-साथ नेत्र कॉर्निया, त्वचा तथा हृदय कपाट सहित विभिन्न ऊतकों के दान की सहमति दी है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार एक व्यक्ति का अंगदान कई लोगों को नया जीवन दे सकता है तथा नेत्रदान से दृष्टिहीन व्यक्तियों को रोशनी मिल सकती है।
अरुण कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें अंगदान के लिए प्रेरणा पर्यावरणविद् मनोहर तिवारी से मिली, जिन्होंने लगभग पांच वर्ष पूर्व स्वयं भी अंगदान का संकल्प लिया था। उनके इस कार्य से प्रभावित होकर उन्होंने भी यह निर्णय लिया। इस पहल में मनीष कुमार एवं समाजसेवी योगेंद्र शर्मा ने भी उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने आम लोगों से अंगदान के महत्व को समझने और इसके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि मानवता के प्रति समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों ने अरुण कुमार सिंह के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अधिक लोग इस महान कार्य के लिए प्रेरित होंगे। क्षेत्र के लोगों ने इसे मानव कल्याण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया है।
यह भी पढ़ें
पुलिस अंचल निरीक्षक ने किया घंटों थाने का निरीक्षण
पुलिस अंचल निरीक्षक ने किया घंटों थाने का निरीक्षण
सिधवलिया की खबरें :झोले में रखी 3.200 लीटर देशी शराब बरामद
शिक्षकों के विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री से मिले एनडीए प्रत्याशी ई.आनंद पुष्कर
मशरक की खबरें – अलग -अलग घटनाओं में आधा दर्जन लोग घायल
खेसारी लाल यादव भरत तिवारी के परिवार से मिलने पहुंचे,मां से बोले न्याय के लिए साथ खड़ा हूं
नवगछिया में हर्ष फायरिंग का VIDEO VIRAL:पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
