एकमा विधायक ने एकमा सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, एक सप्ताह में सुधार के लिए कड़े निर्देश
श्रीनारद मीडिया, के के सिंह सेंगर, एकमा, सारण (बिहार):

एकमा विधायक मनोरंजन कुमार सिंह उर्फ धूमल सिंह ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ एकमा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। विधायक के अचानक अस्पताल पहुंचने से कर्मियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, स्वास्थ्य व्यवस्था, स्टाफ कर्मियों की उपस्थिति सूची समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। कई जगहों पर कमियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साजन कुमार से अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जा रहा है। तय समय के भीतर व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ट्रांसफर कराने की अनुशंसा की जाएगी। विधायक ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एकमा प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि बच्चा सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह से बीस सूत्री अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, विपिन सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ साजन कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वाहीद अख़्तर, लेखाकार ब्रजेश कुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
उधर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साजन कुमार ने कहा कि सभी स्वास्थ्य कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर अस्पताल आने वाले मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में अगर किसी स्वास्थ्य कर्मी के द्वारा लापरवाही पायी जाएगी, तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े
कांग्रेस ने कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने धार भोजशाला को मंदिर घोषित किया है,कैसे?
गुटखा का पैसा मांगने पर बदमाशों ने दुकानदार के पेट में चाकू घोंपकर किया घायल
NEET पेपर लीक को लेकर चीन मॉडल की इतनी चर्चा क्यों?
ट्रंप के डबलगेम ने कैसे बढ़ाई दिल्ली की टेंशन?
एकमा सामूहिक दुष्कर्म कांड में बड़ी कार्रवाई: फरार दो आरोपियों ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
