Headlines

कांग्रेस ने कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है

कांग्रेस ने कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है

श्रीनारद मीडिया सेंट्रल डेस्क

कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपए प्रति लीटर से अधिक की बढ़ोतरी को देश की जनता पर भारी बोझ करार देते हुए मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने कहा है कि डीजल-पेट्रोल दाम बढ़ने से महंगाई बढ़ेगी और आर्थिक विकास की दर में भी कमी आएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोदी सरकार की अदूरदर्शी नीतियों के चलते यह संकट खड़ा हुआ और जनता को अपनी जेब से पेट्रोल-डीजल तथा एलपीजी की बढ़ी कीमतों का खामियाजा चुकाना पड़ रहा है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मूल्यवृद्धि का विरोध करते हुए एक्स पोस्ट में कहा, ”गलती मोदी सरकार की, कीमत जनता चुकाएगी। तीन रुपए का झटका आ चुका, बाकी वसूली किस्तों में की जाएगी।”

पेट्रोल-डीजल के दाम शुक्रवार को बढ़ाए जाने के बाद एक्स पोस्ट में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश की जनता को ये समझना होगा कि इस समय अंतर्राष्ट्रीय तेल संकट के साथ-साथ भारत में आर्थिक संकट की बड़ी वजह मोदी सरकार में नेतृत्व का संकट तथा दूरदर्शी सोच का अभाव है। साथ ही नाकबिलियत कूट-कूट कर भरी है।

पेट्रो मूल्य वृद्धि को लेकर सरकार से दो सवाल करते हुए खरग ने कहा कि मार्च में रूसी तेल खरीदने की 30 दिन की छूट दी गई थी उसमें अमेरिका ने “इजाजत” जैसे अपमानजनक शब्द लिखे थे और खबरों के मुताबिक सरकार इस छूट को बढ़ाना चाहती है तो सवाल है कि पीएम मोदी ने देश को “अनुमति” मांगने की स्थिति में क्यों पहुंचा दिया है।

दूसरा सवाल उठाते हुए खरगे ने कहा कि क्या ये सच नहीं है कि जब अंतरराष्ट्रीय क्रूड आयल के दाम कम थे तब मोदी सरकार ने आम जनता को कोई राहत नहीं दी, उल्टा केंद्रीय करों से 10 सालों में 43 लाख करोड़ रुपए कमाए तो अब महंगाई का बोझ जनता पर क्यों लादा जा रहा है?

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब डीजल के दाम बढ़ते हैं तो पूरे देश में महंगाई का व्यापक प्रभाव पड़ता है। उद्योगों से लेकर घरेलू बजट व किसानों सभी पर बुरा असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम संकट शुरू होते ही कांग्रेस ने सरकार को इसको लेकर आगाह करते हुए संकट से बचने के लिए ठोस कदम उठाने की सलाह दी थी मगर हमारे सवालों को नकारा गया।

चुनाव के दौरान मोदी सरकार ऐसे बरताव करती है कि सब कुछ ठीक और उसका काम केवल राज्यों में चुनाव लड़ना है। अब संकट बढ़ रहा है तो पीएम मोदी वर्क फ्रॉम होम तथा ईंधन बचाने का झुनझुना बजाने लगे हैं। कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने सरकार पर तीखा तंज कसते हुए कहा, ”छात्रों पर नीट से वार आम जनता पर पेट्रोल डीजल के दामों की मार, महिलाओं की रसोई पर दूध का प्रहार, पीएम के पास सिर्फ प्रवचन तैयार।”

Leave a Reply

error: Content is protected !!