सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाले 130 लोग गिरफ्तार, बिहार पुलिस का एक्शन
श्रीनारद मीडिया, पटना (बिहार):

बिहार पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शनकरने और पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है. पुलिस मुख्यालय के अनुसार 1 मई 2026 से 14 जुलाई 2026 तक सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शन के मामलों में 102 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जबकि 130 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
इस दौरान 40 हथियार भी जब्त किए गए हैं. 24 घंटे हो रही सोशल मीडिया की निगरानी: बिहार पुलिस मुख्यालय ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में सोशल मीडिया सेल सक्रिय है. इसके अलावे मुख्यालय स्तर पर सोशल मीडिया सेंटर और साइबर क्राइम और सुरक्षा इकाई की ओर से 24 घंटे सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर लाइक, फॉलोअर्स बढ़ाने, दिखावा करने या लोगों में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं.
ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कानूनी कार्रवाई की जा रही है.पटना में सबसे अधिक मामले दर्ज: पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के मुताबिक हथियार प्रदर्शन के मामलों में सबसे अधिक 17 प्राथमिकी पटना जिले में दर्ज की गई हैं. यहां 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और 9 हथियार बरामद किए गए हैं. इसके अलावे नवगछिया और गोपालगंज में 9-9 मामले दर्ज किए गए नवगछिया में 7 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 3 हथियार जब्त किए गए, जबकि गोपालगंज में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
वहीं सीतामढ़ी और मोतिहारी में 8-8 मामले दर्ज हुए हैं. दोनों जिलों में 9-9 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जबकि एक-एक हथियार बरामद किया गया.आपत्तिजनक पोस्ट पर भी कार्रवाई: पुलिस मुख्यालय ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक या जातीय टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, किसी व्यक्ति के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले पोस्ट और वीडियो साझा करने वालों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है.
.ऐसे मामलों में आईटी एक्ट 2000, भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. जनवरी 2026 से अब तक सोशल मीडिया पर वायरल आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो से जुड़े 514 मामलों की पहचान की गई है. इनमें 251 मामलों में कार्रवाई पूरी कर ली गई है, जबकि शेष मामलों में प्रक्रिया जारी है.पुलिस पर हमला करने वालों पर एक्शन: बिहार पुलिस मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी विशेष अभियान चलाया. 5 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस पर हमला करने के मामलों में 348 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
नवादा और बांका में बड़ी कार्रवाई: एडीजी केएस अनुपम ने बताया कि पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है. नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र में अवैध खनन और पुलिस पर हमले के मामले में दर्ज कांड संख्या-158/26 में 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमला मामले में दर्ज कांड संख्या-137/26 में 23 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया.
डायल-112 टीम पर हमला चिंताजनक:पुलिस मुख्यालय ने कहा कि डायल-112 की इमरजेंसी रिस्पांस टीम सड़क दुर्घटना, महिला सुरक्षा, आगजनी और अन्य आपात स्थितियों में 10 से 20 मिनट के भीतर लोगों तक सहायता पहुंचाती है. इसके बावजूद कई मामलों में घटनास्थल पर पहुंची डायल-112 टीम पर भीड़ द्वारा हमला किया जा रहा है. पुलिस ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.
युवाओं और अभिभावकों से पुलिस की अपील:पुलिस ने युवाओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे कानून हाथ में लेने से बचें और किसी के बहकावे में आकर अपराध का हिस्सा न बनें. पुलिस मुख्यालय ने कहा कि ऐसे मामलों में दर्ज प्राथमिकी का रिकॉर्ड CCTNS और NATGRID पर अपलोड किया जाता है, जिससे भविष्य में नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यवसाय या चरित्र सत्यापन के दौरान आपराधिक इतिहास सामने आ जाता है.
यह भी पढ़ें
लहरिया कट बाइक चलाने वाले दो युवक गिरफ्तार, थानेदार की गाड़ी के सामने कर रहे थे स्टंट
EC नहीं कर सकता नागरिकता का निर्धारण- सुप्रीम कोर्ट
