Headlines

गैस सिलिंडर वितरण पर प्रशासन सख्त, अब केवल होम डिलीवरी से मिलेगा LPG

गैस सिलिंडर वितरण पर प्रशासन सख्त, अब केवल होम डिलीवरी से मिलेगा LPG

श्रीनारद मीडिया,स्टेट डेस्क

अनुमंडल प्रशासन ने गैस सिलिंडर की बढ़ती किल्लत और शिकायतों को देखते हुए LPG वितरण व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के अनुसार अब उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर बुकिंग के बाद केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाएगा। एजेंसी परिसर से सीधे सिलिंडर देने पर संबंधित एजेंसी संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) चांदनी कुमारी ने बताया कि प्रशासन को कई स्थानों से शिकायतें मिल रही थीं कि गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को सीधे कार्यालय या गोदाम से सिलिंडर दिया जा रहा है। इससे एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है और कालाबाजारी तथा अनियमितता की संभावना भी बढ़ जाती है।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि नई व्यवस्था के तहत गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं के घर तक सिलिंडर पहुंचाने की पूरी जिम्मेदारी दी गई है। यदि कोई एजेंसी संचालक कार्यालय या गोदाम से सीधे सिलिंडर देता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद निर्धारित समय के भीतर गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी मिलनी चाहिए। यदि किसी उपभोक्ता को समय पर गैस नहीं मिलती है या वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता होती है, तो वे इसकी शिकायत सीधे प्रशासन से कर सकते हैं।
गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए अनुमंडल प्रशासन की ओर से अधिकारियों की एक टीम गठित की गई है। यह टीम गैस एजेंसियों के गोदाम और वितरण प्रणाली की लगातार जांच कर रही है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कालाबाजारी को रोका जा सके।
प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से उपभोक्ताओं को घर बैठे गैस सिलिंडर उपलब्ध होगा, एजेंसियों पर भीड़ कम होगी और कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

Leave a Reply

error: Content is protected !!