Headlines

बगौरा में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल

बगौरा में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल

श्रीनारद मीडिया, दारौंदा, सीवन (बिहार )।

सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड के बगौरा गांव में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। न्यू मार्केट बगौरा रामजानकी मंदिर के परिसर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शुरू हुई, इस रथयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। रथयात्रा प्रारंभ होने से पूर्व भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद तीनों विग्रहों को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। रथ पूरब टोला, भवानी मोड़, मंगलशाही, दक्षिण टोला, उदैनीपर, शिव मोड़, पश्चिम टोला, पुरानी बाजार और चौबह स्थान सहित गांव के विभिन्न मागों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचा।

रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ रथ की रस्सी खींची। श्रद्धालुओं का कहना था कि भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इससे जीवन के कष्ट दूर होते हैं तथा भगवान का आशीर्वाद प्राप्त होता है। यह परंपरा भगवान के प्रति समर्पण, सेवा और अटूट आस्था का प्रतीक मानी जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि बगौरा में वर्ष 1994 से लगातार भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष पूरे विधि-विधान और भव्यता के साथ यह परंपरा निभाई जाती है। इस वर्ष भी रथ को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक झालरों से सजाया गया था। रथयात्रा में हाथी, बैंड-बाजा और भक्ति संगीत ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
रथयात्रा के दौरान अन्य प्रदेश से आए कलाकारों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पेयजल और महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भगवान की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा में आसपास के कई गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अंत में भगवान जगन्नाथ का महाप्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। भक्तों ने भगवान के दर्शन कर स्वयं को धन्य बताया और कहा कि बगौरा की यह ऐतिहासिक रथयात्रा आने वाली पीढ़ियों तक इसी श्रद्धा और भव्यता के साथ निरंतर आयोजित होती रहनी चाहिए।

इस रथ यात्रा में केनरा बैंक के पूर्व अधिकारी पाण्डेय, कमल किशोर शाही, वीर बहादुर यादव, एच.के. पांडा, नागेंद्र कुमार चौबे, मुन्ना दूबे, प्रह्लाद प्रसाद, भूलन साह, मुन्ना प्रसाद, पेंटर अली, परशुराम मांझी, गौतम यादव, गोलू यादव, वीरू कुमार पटेल, सनोज सिंह, पंकज शर्मा, रमेश यादव, रवि प्रसाद, हीरा प्रसाद, जय प्रकाश प्रसाद, सुनील साह, प्रेम बारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

Leave a Reply

error: Content is protected !!