पूर्णिया पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, ₹70 लाख के स्मैक के साथ स्कॉर्पियो सवार दो तस्करों को किया गिरफ्तार
श्रीनारद मीडिया, स्टेट डेस्क:

पूर्णिया जिले की जानकीनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए करीब 70 लाख रुपये मूल्य का स्मैक बरामद किया है। बनमनखी एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर स्मैक की एक बड़ी खेप लेकर स्कॉर्पियो से मधेपुरा की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
1224 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, दो धरे गए स्कॉर्पियो की सघन जांच के दौरान पुलिस ने 1224 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद किया। मौके से पुलिस ने दो तस्करों, निरंजन यादव और सुधीर कुमार उर्फ बबलू यादव को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।
नकद और सोने के जेवरात भी जब्त गिरफ्तार तस्करों के पास से पुलिस ने न केवल नशीला पदार्थ, बल्कि सोने की चेन, अंगूठी, सोने की चक्की और करीब 6800 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि तस्करों के मोबाइल फोन की जांच करने पर ‘पे-फोन’ (Paytm/PhonePe) के माध्यम से बड़े पैमाने पर रुपयों के लेनदेन (ट्रांजैक्शन) के प्रमाण मिले हैं, जो इस अवैध धंधे के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं।
बंगाल से जुड़े हैं तस्करी के तार प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये तस्कर सीमावर्ती जिलों का लाभ उठाकर पश्चिम बंगाल से स्मैक की खेप लाते थे और स्थानीय इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस अब इन तस्करों के ‘फॉरवर्ड’ और ‘बैकवर्ड’ लिंकेज को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि इस काले कारोबार के पीछे और कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं।
यह भी पढ़े
फौजी की चोरी हुई बाइक 24 घंटे में बरामद
रघुनाथपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ अभियुक्त को किया गिरफ्तार
सोनपुर थाना पुलिस ने लूट की योजना बना रहे 04 अभियुक्तों को हथियार के साथ किया गिरफ्तार
वंदे मातरम् राष्ट्र जागृति का महामंत्र : डॉक्टर अशोक प्रियंवद
सनातन सेवा संस्थान ,न्यास की बैठक सम्पन्न
